उज्जैन 30 अक्टूबर 2021 । दीवाली के पहले उज्जैन में सर्दी ने डेरा जमा लिया है। उज्जैन में बीती रात शहर का न्यूनतम तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया। दो दिन पहले शहर का तापमान 15.5 डिग्री था। पिछले साल 24 अक्टूबर को भी शहर का तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया था। इसके साथ ही दिन व रात में भी हल्की हवाएं चल रही हैं।
आसमान पूरी तरह साफ होने के बाद से ही लगातार तापमान में गिरावट आ रही है। बुधवार को 15 और गुरुवार को 14.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का दावा है कि बादल आते-जाते रहेंगे। इस कारण माना जा सकता है कि तापमान भी 2 से 4 डिग्री के बीच ऊपर-नीचे होता रहेगा।
रविवार को शहर का तापमान 17.4 डिग्री तक चला गया था, लेकिन इसके बाद तापमान में लगातार तेजी आ रही थी। सोमवार को 18, मंगलवार को 21 और बुधवार को 20.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ था। लेकिन गुरुवार को एकाएक 5 डिग्री तापमान गिर गया। इसके बाद शुक्रवार को 14.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था।
अधिकतम तापमान में भी गिरावट –
रात का तापमान कम होने के साथ हवाएं भी चलने लगी हैं। इस वजह से दिन का तापमान भी कम हो रहा है। शुक्रवार को दिन में 30 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया, जो गुरुवार को 31 डिग्री था।